महतारी सदनों की स्वीकृति पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिलीं जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जताया आभार

डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा पर राजनांदगांव को मिली 1.50 करोड़ की बड़ी सौगात, पांच ग्राम पंचायतों में बनेंगे महतारी सदन, ग्राम बापूटोला को भी मिली विशेष सौगात,
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजनांदगांव जिले को बड़ी सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले की पांच ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। प्रत्येक महतारी सदन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा एवं प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव व राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पांडेय के प्रयासों के साथ जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव की पहल भी महत्वपूर्ण रही है।

इसी क्रम में आज नवा रायपुर स्थित उपमुख्यमंत्री निवास में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा से सौजन्य मुलाकात कर राजनांदगांव जिले की पांच ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने पर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायत लालूटोला के आश्रित ग्राम बापूटोला में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत पनेका, अंजोरा, भर्रेगांव, खैरा (र) तथा छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत लालूटोला के आश्रित ग्राम बापूटोला में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक भवन के लिए 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार पांचों ग्राम पंचायतों में कुल 1.50 करोड़ रुपये की लागत से महतारी सदनों का निर्माण होगा।विशेष रूप से ग्राम बापूटोला में महतारी सदन की स्वीकृति जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव के प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम बापूटोला में महतारी सदन निर्माण के लिए पहल की थी, जिस पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा ने स्वीकृति प्रदान की। इससे बापूटोला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को लाभ मिलेगा। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सामुदायिक केंद्र साबित होगा, जहां महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कौशल विकास गतिविधियां, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन तथा महिला जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे महिलाओं को एक सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा और वे संगठित होकर अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं नेतृत्व कौशल को आगे बढ़ा सकेंगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव एवं राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पांडेय, महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत व भाजपा के वरिष्ठ नेताओ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना, विकास कार्यों को गति देना और महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने कहा कि महतारी सदन के निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर मंच मिलेगा। महिला स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण एवं बैठक के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा, जिससे महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विशेषकर ग्राम बापूटोला को मिली यह सौगात क्षेत्र की महिलाओं के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही हमारा लक्ष्य है और महिलाओं का सशक्तिकरण विकसित समाज की मजबूत आधारशिला है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर उभर रही है। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *