प्रदेश में सरकार और सड़क की स्थिति एक जैसी, दोनों जर्जर, जनता बेहाल और सरकार बेपरवाह

रायपुर(Raipur)18 नवंबर 2026: प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार और प्रदेश की सड़कों की स्थिति एक जैसी हो गई है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और सरकार की कार्यप्रणाली भी दिशाहीन नजर आ रही है। प्रदेश की जनता जर्जर सड़कों, धूल, गड्ढों और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से परेशान है, लेकिन सरकार को जनता की तकलीफों की कोई चिंता नहीं है। भाजपा सरकार बनने के बाद सड़कों की हालत सुधारने के बड़े-बड़े दावे किए गए, मंत्रियों ने अधिकारियों को डेडलाइन दी, सड़कों का निरीक्षण किया और नाराजगी जताते हुए वीडियो भी बनवाए, लेकिन जमीन पर हालात जस के तस हैं। सरकार की घोषणाएं दौड़ रही हैं, मंत्री बयान दे रहे हैं, लेकिन सड़कें आज भी गड्ढों में फंसी हुई हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर सड़कों की बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन है? लोक निर्माण विभाग के मंत्री की समय-सीमा और चेतावनियों का पालन क्यों नहीं हुआ? खराब सड़कों की मरम्मत के लिए जारी बजट का उपयोग कहां और कैसे हो रहा है? सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। भाजपा सरकार में विकास का दावा विज्ञापनों और सोशल मीडिया की रीलों तक सीमित दिखाई दे रहा है। सड़क पर उतरते ही सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता सामने आ जाती है। जनता को भाषण, निरीक्षण और आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़कें चाहिए।प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब पूछ रही है कि जब सरकार ही जर्जर हो गई है तो सड़कों की मरम्मत कौन करेगा? भाजपा सरकार को प्रचार से बाहर निकलकर धरातल पर काम करना चाहिए और प्रदेश की सड़कों की तत्काल मरम्मत करानी चाहिए।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *