वार्ड क्रमांक 5 और 6 में पानी की भारी किल्लत, पार्षद अनिल लारोकर के नेतृत्व में सड़क पर बैठे लोग, CMO के आश्वासन के बाद हटा जाम?
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया। ?नगर पंचायत छूरिया में नल से जल आपूर्ति नहीं होने के कारण पेयजल संकट से परेशान वार्ड वासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 5 और 6 में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप होने से भारी किल्लत बनी हुई है। इससे नाराज दोनों वार्डों के नागरिकों ने वार्ड नं 6 के पार्षद अनिल लारोकर के नेतृत्व में मुख्य मार्ग पर रोड़ जाम कर दिया। सड़क पर लोगों के बैठ जाने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
वार्ड वासियों का कहना है कि नल से पानी नहीं आने के कारण रोजमर्रा के काम पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उन्हें रोड़ जाम जैसा कदम उठाना पड़ा। पार्षद अनिल लारोकर ने मौके पर कहा कि जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान है और जब तक नियमित रूप से नल चालू नहीं होते, लोग पीछे नहीं हटेंगे।
CMO के आश्वासन पर माने लोग
रोड़ जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अजय राय तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित जनता और पार्षद से बात की। सीएमओ अजय राय ने व्यवस्था को जल्द सुधार कर वार्डों में नियमित जल आपूर्ति बहाल करने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारी के इस आश्वासन के बाद वार्ड वासियों ने रोड़ जाम समाप्त किया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और यातायात दोबारा सुचारू हो सका।
