‘सेवा संकल्प अभियान’ के जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया कुल 5.50 लाख दीये होंगे प्रज्वलित

रायपुर. 16 सितम्बर 2026. राज्य शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित किए जा रहे ‘‘सेवा संकल्प अभियान‘‘ की प्रथम पहल के रूप में 17 सितम्बर की संध्या को कोरबा जिले में ‘‘आशीर्वाद का दीया‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी आयोजन का मुख्य उद्देश्य विगत 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना तथा ‘‘विकसित भारत 2047‘‘ के सामूहिक संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। इसके लिए कोरबा जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी नगरीय निकायों एवं जनपद क्षेत्रों में 11 प्रमुख कार्यक्रम स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहाँ सामूहिक दीप प्रज्वलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन कराया जाएगा तथा राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों और गैस केंद्रों के माध्यम से दीयों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। योजना के सफल संचालन हेतु जिले की 25 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इस वृहद अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें से एक लाख 17 हजार 700 दीये जिले के 11 मुख्य स्थलों पर जलाए जाएंगे। मुख्य स्थलों में नगर निगम कोरबा अंतर्गत घंटा घर चौक पर 51 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकी मोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधा सागर तालाब व पुष्प वाटिका में 11-11 हजार दीये जलाए जाएंगे।इसी क्रम में जनपद कोरबा के ग्राम पंचायत जामबाहर (प्राथमिक शल्य परिसर), जनपद कटघोरा के ढेलवाडीह (पंचायत भवन परिसर), नगर पंचायत छुईकला (छुरी) के हनुमान मंदिर व त्रिगुण तालाब, जनपद पाली कार्यालय परिसर, जनपद करतला के पीएम श्री विद्यालय परिसर तथा जनपद पोंडी उपरोड़ा के एकलव्य परिसर में 5100-5100 दीये प्रज्वलित होंगे। वहीं, नगर पंचायत पाली कार्यालय भवन व शिव मंदिर परिसर में 3100 दीये जलाए जाएंगे।आयोजन के सुचारू संचालन के लिए जिला, विकासखंड, क्लस्टर तथा पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों को नामांकित किया गया है। सभी मुख्य स्थलों एवं पारिवारिक स्तर के आयोजनों की फोटोग्राफी कर उन्हें निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस पावन अवसर पर सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।*उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य कार्यक्रम में होंगे शामिल*नगर निगम कोरबा अंतर्गत घंटा घर चौक पर शाम 7 बजे 51 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। कोरबा विधायक एवं उद्योग मंत्री श्रलखन लाल देवांगन इस मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *