दृश्य संवाद 2026′ : छायाकार समागम , विश्व फोटोग्राफी दिवस पर रायपुर प्रेस क्लब का तीन दिवसीय आयोजन

रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के द्विशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘मार्तंड उत्सव’ की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए रायपुर प्रेस क्लब विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में 19 से 21 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष आयोजन “दृश्य संवाद 2036 : छायाकार समागम” आयोजित करेगा। इस आयोजन के माध्यम से फोटो पत्रकारिता, फोटो प्रदर्शनी , और फोटो ग्राफी का तकनीकी प्रशिक्षण ,फोटोग्राफी की सृजनात्मक दुनिया को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा।
इस आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को प्रेस क्लब की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष मोहन तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद कार्यक्रम को भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया। इसके बाद प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने फोटो जर्नलिस्ट प्रकोष्ठ के साथियों के साथ अलग से बैठक कर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर सुझाव लिए।
बैठक में 2 अगस्त को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही 15 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रेस क्लब परिवार के वार्षिक पिकनिक कार्यक्रम की तैयारियों पर प्रारंभिक चर्चा हुई। इसके अलावा सदस्यता संबंधी निराकरण की प्रगति तथा प्रेस क्लब के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी भी अध्यक्ष द्वारा कार्यकारिणी के समक्ष साझा की गई।

तीन दिवसीय “दृश्य संवाद 2036 : छायाकार समागम” के दौरान फोटो प्रदर्शनी, फोटो प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण (वर्कशॉप) का आयोजन किया जाएगा। फोटो प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता में रायपुर प्रेस क्लब के सदस्य फोटो जर्नलिस्ट भाग ले सकेंगे, जबकि ओपन कैटेगरी में प्रोफेशनल एवं शौकिया फोटोग्राफरों को भी अपनी उत्कृष्ट तस्वीरों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी में प्रदर्शित चयनित तस्वीरें आम नागरिकों के लिए बिक्री हेतु भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे कलाकारों को अपनी रचनात्मकता को व्यापक पहचान और प्रोत्साहन मिल सके।
प्रेस क्लब का मानना है कि एक तस्वीर केवल दृश्य नहीं होती, बल्कि वह समय, समाज, संघर्ष, संवेदना और सत्य की जीवंत कहानी होती है। “दृश्य संवाद 2036 : छायाकार समागम” का उद्देश्य कैमरे की नजर से समाज की अनकही कहानियों को सामने लाना, फोटो पत्रकारों एवं छायाकारों को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना तथा आमजन को तस्वीरों के माध्यम से समाज को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर देना है।
बैठक में प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेंद्र जांगड़े, कार्यकारिणी सदस्य संतोष साहू , ज़ाकिर घुड़सेना, नीरज मिश्रा, संजीव सिन्हा, सहित फोटो जर्नलिस्ट प्रकोष्ठ के संयोजक दीपक पांडे, किशन लोखंडे, विनय घाडगे, मनोज देवांगन, दीपेश सोनी, रमन हवाई, विजय देवांगन, जय पुरी गोस्वामी,तथा बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट और छायाकार उपस्थित रहे।
रायपुर प्रेस क्लब ने प्रदेश के सभी फोटो पत्रकारों, प्रोफेशनल एवं शौकिया छायाकारों तथा कला प्रेमियों से इस आयोजन में सहभागी बनने और इसे सफल बनाने की अपील की है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *