(ख़बर छत्तीसगढ़ जसीम कुरैशी)
छुरिया। शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम विकास समिति गैंदाटोला द्वारा बुधवार, 1 जुलाई 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला गैंदाटोला में अध्ययनरत कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की गई। विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल तथा पहाड़े की पुस्तकें प्रदान की गईं।
ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से न केवल उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी, बल्कि उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने की भी प्रेरणा मिलेगी। समिति का उद्देश्य विद्यालय छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में कमी लाना तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों एवं समिति सदस्यों ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा जीवन की आधारशिला होती है। विद्यालय बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों का विकास करता है। पढ़ना-लिखना एवं अंकगणित जैसी बुनियादी दक्षताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता, सचिव खलील अहमद कुरैशी, कोषाध्यक्ष धनेश्वर गुप्ता, नरेंद्र मानिकपुरी, ग्राम सरपंच उषा कमलनारायण गुप्ता, शाला विकास समिति के अध्यक्ष मनीष त्रिपाठी, प्राचार्य व्ही.के. मण्डलोई, प्रकाश शर्मा, राजिल कुरैशी, मनोज कोचे, खेमन देवांगन, अरुण सेन, गोविंद योगी, भूपेन्द्र देवांगन, टी.आर. पांद्रे, अविनाश मानिकपुरी, कृष्णा सोनी, छोटेलाल निषाद, अजय साहू, शिव निषाद, दुष्यंत कंवर, पन्नालाल देवांगन, ज्ञान विश्वकर्मा, शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधानपाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ग्राम विकास समिति का आभार जताया। ग्रामीणों ने भी समिति की इस सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
