संत कबीर के विचारों से ही होगा समरस और सशक्त समाज का निर्माण – श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव

जिला पंचायत अध्यक्ष ने संत समाज का लिया आशीर्वाद, कहा— संतों की वाणी मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया/राजनांदगांव। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फाफामार में आयोजित संत कबीर प्रकट उत्सव पूरे उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राजनांदगांव जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर संत समाज एवं ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में संत कबीर साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
साथ ही इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरिया सदस्य श्रीमती हेमिन विष्णु साहू, तहसील साहू समाज छुरिया के अध्यक्ष श्री चुरामन साहू, तहसील साहू समाज के सचिव व भाजपा मंडल छुरिया मीडिया प्रभारी श्री शिशुपाल साहू, सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री सकृतदास साहू, श्री उत्तम साहू, श्री नूतन साहू,श्रीमती मनसुख बाई, श्रीमती किसन बाई समेत समाज प्रमुख जन व ग्रामवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने कहा कि संत कबीर साहेब केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के महान प्रवर्तक थे। उन्होंने अपने दोहों और वाणी के माध्यम से समाज को सत्य, प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज जब समाज को आपसी विश्वास, सद्भाव और एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है, तब संत कबीर के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अंधविश्वास, ऊँच-नीच, जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए समाज को एक नई दिशा दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि मनुष्य की पहचान उसके कर्म, चरित्र और ज्ञान से होती है, न कि उसकी जाति या बाहरी पहचान से। यदि हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएँ, तो एक समरस, विकसित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
श्रीमती वैष्णव ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएँ भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संत परंपरा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संत समाज द्वारा भजन, कीर्तन, कबीर वाणी एवं धार्मिक प्रवचन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, युवा, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी ने संत कबीर साहेब के बताए मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
अंत में श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सभी श्रद्धालुओं को संत कबीर प्रकट उत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा और समाजहित के कार्यों के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों का संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *