(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। आबकारी विभाग ने गैंदाटोला में बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 नग महाराष्ट्र निर्मित देशी संत्रा शराब (कुल 86.4 बल्क लीटर) जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 43,200 रुपये बताई गई है। मामले में गुलजार सोनी (55 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, गैंदाटोला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें मुख्य आरक्षक ओम प्रकाश सिन्हा तथा आरक्षक आर्यन ठाकुर, मनीष, अश्विनी शुक्ला, लोकेश वर्मा, रोहित एवं पप्पू शामिल रहे।
अब उठ रहे हैं बड़े सवाल?
गैंदाटोला में इतने बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र की शराब का भंडारण और कथित अवैध कारोबार आखिर कब से चल रहा था? यदि एक ही कार्रवाई में 480 पौवा शराब बरामद हो सकती है, तो क्या यह कारोबार लंबे समय से संचालित नहीं हो रहा था?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध शराब का नेटवर्क फल-फूल रहा था? क्या स्थानीय पुलिस को इसकी भनक नहीं थी, या फिर इस पूरे मामले में कोई और वजह थी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी शराब दुकान बंद होने के बाद भी क्षेत्र में महाराष्ट्र निर्मित शराब की उपलब्धता लगातार चर्चा का विषय रही है। ऐसे में यह कार्रवाई कई नए सवाल खड़े कर रही है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या जांच केवल एक आरोपी तक सीमित रहेगी या फिर पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों तक भी पहुंचेगी।
