भाजपा सरकार की नाकामी का जनता ने घुमका नगर पंचायत सहित प्रदेश के अन्य निकाय चुनावों में दिया करारा जवाब : तरुण सिन्हा


(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता तरुण सिन्हा ने घुमका नगर पंचायत सहित प्रदेश के विभिन्न निकाय एवं वार्ड चुनावों में भाजपा की हार को जनता की नाराजगी का परिणाम बताते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की नाकामी, प्रशासनिक मनमानी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को जनादेश दिया था, आज वही सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। शासन-प्रशासन पर जनता का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है और अफसरशाही बेलगाम होती जा रही है। आम नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है, लेकिन सरकार समाधान देने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त नजर आ रही है।
तरुण सिन्हा ने कहा कि घुमका नगर पंचायत का चुनाव परिणाम केवल एक स्थानीय चुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की जनता के बदलते मूड और बढ़ती नाराजगी का संकेत है। जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि सत्ता के अहंकार, जनसमस्याओं की अनदेखी और विकास के खोखले दावों को अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अवैध शराब, सट्टा, गांजा और अन्य नशे का कारोबार बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। कभी शांत और विकासशील राज्य के रूप में पहचाने जाने वाले छत्तीसगढ़ में आज अपराध, अवैध उत्खनन, चोरी, लूट और रंगदारी जैसी घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा और आम नागरिक सहित समाज का हर वर्ग किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है। महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक उदासीनता ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। यही कारण है कि हाल के चुनावों में जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि “अभी तो यह केवल ट्रेलर है, असली फैसला आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता करेगी। प्रदेश की जनता अब पूरी तरह मन बना चुकी है और वर्ष 2028 में भाजपा सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।”
तरुण सिन्हा ने दावा किया कि प्रदेश की जनता का विश्वास लगातार कांग्रेस पार्टी की ओर बढ़ रहा है क्योंकि कांग्रेस ही किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और आम नागरिकों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता की चिंता करने वाली और उनके अधिकारों की आवाज उठाने वाली पार्टी केवल कांग्रेस है, इसलिए आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *