छूरिया दुर्ग जिले के समोदा गांव में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े व्यक्ति द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि पर अफीम की अवैध खेती उजागर होने के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी संदर्भ में आगामी 12 मार्च को जिला भाजपा कार्यालय के घेराव एवं विरोध प्रदर्शन की तैयारी और रणनीति तय करने के लिए आज जिला मुख्यालय राजनांदगांव में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुरूप 12 मार्च को प्रस्तावित भाजपा कार्यालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा करते हुए संगठनात्मक तैयारियों और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार नशे के अवैध कारोबार के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सत्ता संरक्षण के कारण नशे का नेटवर्क प्रदेश में फैल रहा है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व केबिनेट मंत्री धनेश पाटिला, शाहिद भाई, रमेश डाकलिया, अशोक फडनविश, कमलजीत पिंटू, हरिनारायण धकेता, रुपेश दुबे, राहुल तिवारी, अनीस खान, मेहुल मारु, प्रवीण मेश्राम, महेन्द्र यादव, मन्ना यादव, प्रताप धावडे, झम्मन देवांगन, सूर्यकान्त जैन, मनीष गौतम, विष्णु लोधी, अशोक पंजवानी, तरुण सिन्हा, अमर झा, बबलू कसार, शरद खंडेलवाल, प्रकाश बाफना, राजेश श्वेता, चेतन सिन्हा, रशीद भाई सहित अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे तथा सभी ने 12 मार्च को जिला भाजपा कार्यालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
