बीजेपी नेता कर रहे अफीम की खेती, सरकार के नाक के नीचे फल-फूल रहा नशे का कारोबार : चुम्मन साहू


(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चुम्मन साहू ने छत्तीसगढ़ में नशे के बढ़ते मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले हर मंच पर शराबबंदी और नशामुक्त छत्तीसगढ़ की बात करती है, लेकिन सत्ता में आते ही अपने वादों को भूल जाती है और नशे के कारोबार को संरक्षण देती है।
चुम्मन साहू ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है और भाजपा सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। एक ओर सरकार नशामुक्त छत्तीसगढ़ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा, जो राजधानी के करीब स्थित है, वहां भाजपा से जुड़े एक नेता द्वारा लगभग 7 एकड़ कृषि भूमि में अफीम की खेती की जा रही है। यह घटना प्रदेश सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है और यह दिखाती है कि सरकार के नाक के नीचे नशे का कारोबार फल-फूल रहा है।
चुम्मन साहू ने कहा कि अफीम जैसी प्रतिबंधित फसल की खेती कोई एक दिन में तैयार होने वाला काम नहीं है। इसे तैयार होने में काफी समय लगता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इतने लंबे समय तक प्रशासन और सरकार को इसकी भनक तक नहीं लगी? यह पूरे प्रशासनिक तंत्र और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने नशामुक्त छत्तीसगढ़ का वादा किया था, लेकिन अब तक नशे के खिलाफ कोई ठोस पहल या सख्त कानून नहीं बनाया गया है। इसके विपरीत, प्रदेश में 67 नई शराब दुकानों को खोलने का फैसला लेकर सरकार ने माताओं और बहनों की भावनाओं के खिलाफ काम किया है।
अंत में चुम्मन साहू ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए जाएं।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *