सशक्त महिला से ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव : किरण रविन्द्र वैष्णव


जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना छुरिया द्वारा सामुदायिक भवन छुरिया में भव्य “महतारी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव, कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने की साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी, जिला भाजपा पूर्व महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, जनपद पंचायत छुरिया सभापति श्रीमती उत्तरा निषाद, जनपद सदस्य श्रीमती भानबाई कंवर, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नैन सिंह पटेल तथा वरिष्ठ पत्रकार मनभावन सिंह उईके, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष राजेश्वर धुर्वे,सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। सम्मेलन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, मातृशक्ति के सम्मान और समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से पूरा वातावरण उत्साह, प्रेरणा और सम्मान से परिपूर्ण दिखाई दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और संस्कार की आधारशिला माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, खेल, विज्ञान और व्यापार सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब एक महिला सशक्त होती है तो उसके साथ उसका परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां भी सशक्त बनती हैं।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा, आत्मविश्वास और स्वावलंबन के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने जीवन को बेहतर बना सकती हैं बल्कि समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। श्रीमती वैष्णव ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने उपस्थित माताओं और बहनों से आह्वान करते हुए कहा कि वे शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय सिन्हा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नेतृत्व के अवसर प्रदान करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब महिलाएं निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी निभाती हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः देखने को मिलता है।
महतारी सम्मेलन के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *