ग्राम बिजेपार (कुमर्दा) में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा का श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भव्य समापन

विराम दिवस पर जिला भाजपा पूर्व महामंत्री श्री रविन्द्र वैष्णव जी रहे उपस्थित
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया:-ग्राम बिजेपार (कुमर्दा) में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा का आज विराम दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर जिला भाजपा पूर्व महामंत्री श्री रविन्द्र वैष्णव जी विशेष रूप से उपस्थित रहे एवं उन्होंने भक्ति भाव से श्री राम कथा का श्रवण किया।
नौ दिनों तक चली इस श्री राम कथा का सजीव, भावपूर्ण एवं ओजस्वी वाचन कथावाचिका पूज्या संगीता देवी मिश्रा जी, व्यासपीठाचार्य, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा अपने श्रीमुख से किया गया। उनके प्रवचनों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।आज विराम दिवस की कथा में श्री राम–हनुमान भेट, श्री राम–सुग्रीव मित्रता, माता सीता की खोज, हनुमान–जामवंत संवाद, राम–रावण युद्ध एवं श्री राम राज्याभिषेक जैसे अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया। इन प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, मित्रता, पराक्रम, त्याग एवं धर्म विजय का संदेश प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर श्री रविन्द्र वैष्णव जी ने कहा कि श्री राम कथा मानव जीवन को मर्यादा, सत्य, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्री राम का आदर्श चरित्र समाज में संस्कार, एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करता है।नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। विराम दिवस पर आयोजक समिति, कथावाचिका एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना की गई।कार्यक्रम का समापन श्री राम राज्याभिषेक के दिव्य प्रसंग के साथ भव्य रूप से हुआ तथा विश्व शांति, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण की मंगल कामना के साथ कथा संपन्न हुई। साथ ही इस अवसर पर छबिलाल साहू, रामाधार चंद्रवंशी सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *