3 से 8 अक्टूबर तक अवधपुरी मैदान गुड़ियारी में होगा हनुमंत कथा का भव्य आयोजन

रायपुर(Raipur)28/09/2025: राजधानी रायपुर एक बार फिर आस्था और अध्यात्म का केंद्र बनने जा रहा है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 03 अक्टूबर की शाम रायपुर आएंगे और 04 से 08 अक्टूबर तक अवधपुरी मैदान गुड़ियारी में उनके पावन मुखारविंद से श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन होगा।

यह आयोजन स्व. पुरूषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में युवा समाजसेवी चंदन-बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में हो रहा है। कथा स्थल की तैयारियां अंतिम चरण में हैं — विशाल पंडाल, LED स्क्रीन और लाखों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। भोजन, यातायात और पार्किंग की जिम्मेदारी भी विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को सौंपी गई है। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी इस आयोजन को खास बनाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्रीगण, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, महापौर, सभापति सहित अनेक मंत्री-विधायक और जनप्रतिनिधि कथा श्रवण हेतु मौजूद रहेंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे फोर व्हीलर की जगह दोपहिया वाहनों का उपयोग करें ताकि जाम की समस्या न हो। पत्रकारों और श्रद्धालुओं के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

फाउंडेशन की ओर से प्रतिदिन सुबह 9 बजे और रात 8 बजे भोजन (भंडारा) तथा कथा उपरांत प्रसादी का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात की व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग रहेगा। प्रदेश ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र से भी भारी संख्या में भक्तों के आने की संभावना है। रायपुर की पावन धरा पर इस दौरान आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *