पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने किया पवेलियन का अवलोकन, पर्यटन विकास और नक्सल मुक्त बस्तर की नई संभावनाओं की सराहना

रायपुर(Raipur)22 नवंबर 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाएं देशभर के आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं। रविवार के अवकाश के कारण व्यापार मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच छत्तीसगढ़ पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर आगंतुकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों की मनमोहक तस्वीरों, चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप, आधुनिक आभासी वास्तविकता तकनीक और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों ने दिल्लीवासियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को नई दिशा मिल रही है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की प्रभावशाली उपस्थिति राज्य की पर्यटन संभावनाओं को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने की छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों की सराहना

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला, पर्यटन स्थलों और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली गतिविधियों की सराहना की।श्री कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार भी प्रदेश में शांति, सुरक्षा, विकास और निवेश के अनुकूल वातावरण को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के नए वातावरण से पर्यटन की अपार संभावनाएं सामने आ रही हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने क्षेत्र की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है। इको-पर्यटन, प्राकृतिक पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है। कौशिक ने विश्व प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी कोसा साड़ियों, पारंपरिक वस्त्रों, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की भी सराहना की।उन्होंने पवेलियन में उपस्थित आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की विशेषताओं से परिचित कराते हुए प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।

पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा व्यापार मेले के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की संभावनाओं को भी सामने लाया जा रहा है। विशेष रूप से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, जनजातीय समुदायों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।प्रदेश में प्राकृतिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास छत्तीसगढ़ को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक हो रहे हैं।भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और अनछुए पर्यटन स्थलों के प्रति देशभर के लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की सकारात्मक छवि, समृद्ध विरासत और पर्यटन की नई संभावनाएं राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से सामने आ रही हैं।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *