50 लाख की कथित वसूली, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप भाजपा के सुशासन की पोल खोल रहे हैं – चुम्मन साहू


(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया राजनांदगांव:जिला कांग्रेस प्रवक्ता चुम्मन साहू ने राजनांदगांव–मोहला–मानपुर सड़क निर्माण कार्य में 50 लाख रुपये की कथित वसूली मांग, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा भाजपा नेता भरत वर्मा के खिलाफ एसपी और पीडब्ल्यूडी में शिकायत करना बेहद गंभीर मामला है। शिकायत में 50 लाख रुपये की कथित मांग, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के आरोप सामने आए हैं। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह सत्ता के संरक्षण में चल रही दबाव और वसूली की राजनीति का शर्मनाक उदाहरण है।
चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा नेताओं का अहंकार इस कदर बढ़ गया है कि सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों और कर्मचारियों को कथित वसूली, गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ रहा है। विकास कार्यों में सहयोग करने के बजाय दबाव बनाने की राजनीति की जा रही है। जब निर्माण कंपनी सुरक्षा के अभाव में काम बंद करने की चेतावनी दे रही है, तो यह प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सुशासन है, जहां सड़क बनाने वाली कंपनी को सड़क निर्माण से ज्यादा कथित वसूली, गाली-गलौज और मारपीट से बचने की चिंता करनी पड़ रही है। भाजपा सरकार के सुशासन के दावे जमीन पर किस रूप में दिखाई दे रहे हैं, यह इस घटना ने उजागर कर दिया है।

चुम्मन साहू ने कहा कि सड़क जनता के लिए बन रही है, किसी नेता की निजी जागीर नहीं। सत्ता जनता की सेवा के लिए मिली है, ठेकेदारों को धमकाने, गाली देने, मारपीट करने या कथित वसूली करने का लाइसेंस नहीं। 50 लाख रुपये की कथित मांग और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप भाजपा के सुशासन के दावों पर करारा तमाचा हैं।
उन्होंने मांग की कि पुलिस तत्काल शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करे और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। राजनीतिक रसूख के चलते मामले को दबाने या आरोपियों को बचाने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
भाजपा की सत्ता का अहंकार जनता और कानून से बड़ा नहीं है। सड़क निर्माण में कथित वसूली, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *