रायपुर(Raipur)21.11.2026: राजधानी रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनजातीय गौरव दिवस समारोह वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित वीरांगना शौर्य उत्सव सेवा महाकुंभ कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा जी को नमन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव समर्पित रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल कर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने, आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं का विस्तार करने तथा जनजातीय युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि जनजातीय समाज आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।विधायक मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति जनजातीय समाज के नाम पर वोट हासिल करने तक सीमित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनजातीय समाज के वास्तविक विकास और उसे आगे बढ़ते देखने के प्रति गंभीर नहीं रही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़े आयोजनों का विरोध और बहिष्कार करना कांग्रेस की जनजातीय समाज के प्रति सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। भगवान बिरसा मुंडा, वीरांगना रानी दुर्गावती सहित अनेक जनजातीय महापुरुषों और वीरांगनाओं का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मय डवी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता, त्याग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को स्मरण कर उन्हें सम्मान अर्पित किया गया।
