इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर खाली पड़ी कुर्सियां… क्या राजनांदगांव में दम तोड़ रहा है जिला कांग्रेस अध्यक्ष का नेतृत्व?

कांग्रेस भवन के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का रहा टोटा; खाली कुर्सियों ने संगठन की पकड़, आपसी तालमेल और कार्यशैली पर खड़े किए तीखे सवाल?
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया राजनीतिक सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार राजनांदगांव, 19 नवंबर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय कांग्रेस भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं की बेहद कम उपस्थिति शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। कार्यक्रम स्थल पर बिछाई गई अधिकतर कुर्सियां खाली नजर आईं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या जिला कांग्रेस अध्यक्ष संगठन को एकजुट रखने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं?
सभागार में पसरा सन्नाटा, वरिष्ठ नेता भी नदारद… क्या गुटबाजी पड़ रही है भारी?
कांग्रेस की ‘आयरन लेडी’ मानी जाने वाली इंदिरा गांधी की जयंती को लेकर जिला संगठन की ओर से बड़े आयोजन का दावा किया गया था। हालांकि, तय समय पर शुरू हुए इस कार्यक्रम में गिने-चुने पदाधिकारी और कार्यकर्ता ही पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिले के कई दिग्गज नेता, पूर्व पदाधिकारी और पार्षद भी नदारद रहे। सभागार की खाली कुर्सियां देखकर यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और संवादहीनता अब खुलकर सामने आने लगी है?
जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी या नेतृत्व से मोहभंग?
राजनांदगांव के राजनीतिक हलकों और खुद पार्टी के भीतर इस स्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दबी जुबान में कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्तमान नेतृत्व में जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी हो रही है। राजनीतिक जानकारों के बीच चर्चा है कि क्या कार्यकर्ताओं की यह बेरुखी जिला अध्यक्ष की कार्यशैली के प्रति नाराजगी का सीधा संकेत है?
आगामी चुनावों के लिए खतरे की घंटी… कैसे बचेगी पार्टी की साख?
राजनांदगांव जैसे हाई-प्रोफाइल और महत्वपूर्ण राजनीतिक केंद्र में यदि पार्टी अपने सबसे बड़े नेताओं की जयंती जैसे भावनात्मक कार्यक्रम में भी भीड़ नहीं जुटा पा रही है, तो यह संगठन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। खाली कुर्सियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब सवाल यह भी है कि क्या इस कमजोर नेतृत्व के भरोसे कांग्रेस आगामी चुनावों की वैतरणी पार कर पाएगी?

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *