भाजपा राज में महंगाई ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, अब रेपो रेट बढ़ाकर कर्जभार और बढ़ा रही है सरकार

रायपुर(Raipur)18 नवंबर 2026: थोक और खुदरा महंगाई के रिकॉर्ड टूटने, आसमान छूते खाद्य सामग्रियों के दाम के लिए सरकार की गलत आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा है कि एक तरफ बढ़ती बेरोजगारी, घटती आमदनी और न्यूनतम बचत, दूसरी तरफ बेलगाम महंगाई से आम जनता की कमर टूट गई ह। आज आम जनता भाजपा सरकार के कुप्रबंधन और आर्थिक नाकामी की सबसे बड़ी कीमत चुका रही है। महंगाई ने आज सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। थोक महंगाई 12.29 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है, दालें 26 फीसदी, ईंधन-बिजली 32 प्रतिशत और खाद्य सामग्रियां आसमान छू रही हैं। विडंबना यह है कि महंगाई रोकने में नाकाम यह सरकार बार-बार रेपो रेट बढ़ाकर जनता के कर्ज और ईएमआई को और महंगा कर रही है। न देश संभल रहा है, न अर्थव्यवस्था, भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा है कि भाजपा ने अच्छे दिन और 100 दिन के भीतर महंगाई नियंत्रित करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज अक्टूबर 2026 के आंकड़े खुद चीख-चीख कर उनकी विफलता की पोल खोल रहे हैं। थोक महंगाई का 4 साल के उच्चतम स्तर, 12.29 प्रतिशत पर पहुंचना और खुदरा महंगाई का आरबीआई की अधिकतम सीमा को पार कर जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था संभालने में पूरी तरह अक्षम साबित हुई है। गरीब और मध्यम वर्ग की थाली से दाल और भोजन गायब हो रहा है। पेट्रोल-डीजल और बिजली के दाम बढ़ने से हर चीज महंगी हो गई है। कपड़े 13.67 प्रतिशत और मेटल्स के दाम 17.21 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। आम आदमी का जीवनयापन दूभर हो गया है, व्यापारी और मध्यम वर्ग त्रस्त हैं। एक तरफ महंगाई बेकाबू है, तो दूसरी तरफ सरकार रेपो रेट बढ़ाकर कर्ज को और महंगा कर रही है सरकार। अक्टूबर 2026 में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि और अब फिर से 0.50 प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी हो रही है, इससे आम आदमी के होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की ईएमआई बढ़ गई है, जिससे मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह चरमरा गया है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा है कि मोदी के कथित अमृतकाल में अब रोटी के लिए भी लोन लेने की नौबत आ गई है। महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह फेल हो चुकी भाजपा सरकार अब ब्याज दरें बढ़ाकर जनता की जेब पर डाका डाल रही है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को जनता के दर्द से कोई लेना-देना नहीं है। छत्तीसगढ़ का गरीब, किसान, महिला और व्यापारी महंगाई की इस आग में झुलस रहा है। भाजपा नेताओं को छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई से कोई मतलब नहीं है, वे सिर्फ बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगे हैं। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम थे, तब आपने एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर जनता को क्यों लूटा? आज जब देश की अर्थव्यवस्था बेपटरी हो चुकी है, तो ठीकरा दूसरों पर फोड़ना बंद कीजिए और बताइए कि खाद्यान्न, अनाज, दलहन और ईंधन इतना महंगा क्यों हुआ? इस सरकार से न देश संभल रहा है, न अर्थव्यवस्था। छत्तीसगढ़ की जनता पूछ रही है कि भाजपा की इस डबल इंजन सरकार की नाकामी की सजा आम आदमी को क्यों मिल रही है?

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *