4515 करोड़ के शराब ओवर रेटिंग घोटाले की जांच कब करेगी ईडी

रायपुर(Raipur)17 नवंबर 2026: प्रदेश में शराब धड़ल्ले से ओवर रेट में बेची जा रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब की ओवर रेटिंग सभी देशी और अंग्रेजी दुकानों में चल रही है, बिना ओवर रेट के एक भी बोतल शराब नहीं बिक रही है। इस पूरे खेल को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। शराब की ओवर रेटिंग सरकार में बैठे हुए लोग करा रहे है। हर ब्रांड की शराब में 10 से 60 रू. तक प्रति बोतल वसूला जा रहा था। सरकारी आंकड़ों में प्रतिदिन शराब का विक्रय 28 लाख 65 हजार बोतल है, हर बोतल में 10 से 60 रू. अधिक वसूला जा रहा है, 4 करोड़ 29 लाख प्रतिदिन अवैध वसूली, महिनें का 129 करोड़, 1548 करोड़ सालाना, विगत दो वर्ष 11 माह में 4515 करोड़ का शराब ओवर रेटिंग घोटाला इस सरकार ने किया गया है। ईडी बताये कि 4515 करोड़ के शराब घोटाले की जांच कब करेगी?

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि शराब के काऊंटर में बैठे लोग दावा कर रहे है कि शराब का पैसा ऊपर तक जा रहा था। यह मामला मीडिया में आया और जनता ने विरोध किया तब जाकर कुछ अधिकारियों को सस्पेंड करने की कार्यवाही की गयी। अधिकारी तो सरकार के निर्देश पर काम कर रहे थे उन्हे बलि का बकरा बना दिया गया। कुछ छोटे कर्मचारी अपने स्तर पर निर्धारित ओवर रेटिंग से अधिक की वसूली कर रहे तो उनके खिलाफ कार्यवाही जरूर हो रही है।प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठित शराब घोटाला चल रहा। हजारों करोड़ रूपये वसूली हो रही है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होगी तब पता चलेगा कितने बड़े-बड़े लोग शामिल है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि भाजपा के सरकार में शराब घोटाला हुआ है ईडी, सीबीआई जांच करने से क्यों घबरा रही है?

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार नकली मिलावटी और अवैध शराब को बिकवा रही है। रायगढ़ में नकली शराब की बाटलिंग हो रही थी। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा में नकली होलो ग्राम वाली शराब पकड़ाये। राजनांदगांव अवैध शराब का केन्द्र बन गया है। बलरामपुर के सरकारी शराब दुकान में बियर के बोतल में गंदा पानी मिला, जगदलपुर में दर्जनों पेटी अवैध शराब पकड़ाई, मध्यप्रदेश से जगदलपुर तक कई जिलों की सीमा पार कर अवैध शराब की निर्बाध सप्लाई बिना सत्ता के संरक्षण के संभव नहीं है। सरकारी शराब दुकानों में दो गल्ले चल रहे है। बलरामपुर के सरकारी शराब दुकान में जो बियर की बोतल में गंदा पानी निकल रहा है और ऐसे मिलावटी शराब से जो वसूली हो रही है उसका पैसा किस गल्ले में जा रहा है? नकली और मिलावटी शराब का सरगना कौन है? शराब की काली कमाई में किस-किस की हिस्सेदारी है, छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 5 सालो तक विपक्ष में रहकर शराबबंदी की बड़ी-बड़ी बात करने वाली भाजपा सरकार में आने के बाद शराब की काली कमाई में लग गई है। विपक्ष में रहकर शराब को लेकर तत्कालीन सरकार को कटघरे में खड़ा करने वाली भाजपा की सरकार प्रदेश में शराब की खपत बढ़ाने की प्रयास में रोज नये प्रयोग कर रही है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *