(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया क्षेत्र के यूवा व वरिष्ठ कांग्रेस नेता भोजवानी साहू ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी में वापसी की सुगबुगाहट तेज कर दी है। भोजवानी साहू ने अपना निष्कासन समाप्त कर पुनः कांग्रेस परिवार में ससम्मान शामिल किए जाने की मांग को लेकर आज छूरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू से मुलाकात की और उन्हें एक औपचारिक आवेदन पत्र सौंपा।
धर्मेंद्र साहू को सौंपे गए पत्र में भोजवानी साहू ने भावुक और दृढ़ शब्दों में उल्लेख किया है कि वे सदैव कांग्रेस की मूल विचारधारा से जुड़े रहे हैं और उनका लक्ष्य हमेशा जनसेवा रहा है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष से आग्रह किया कि उनके निष्कासन को तत्काल समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर उन्हें पुनः पार्टी की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दिया जाए।
आवेदन स्वीकार करते हुए छूरिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस संगठन में हर समर्पित कार्यकर्ता की भावनाओं का सम्मान होता है। उन्होंने भोजवानी साहू को आश्वस्त किया कि वे इस पत्र और उनकी भावनाओं से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, जिला कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश आलाकमान को शीघ्र अवगत कराएंगे। संगठन के नियमों और वरिष्ठ नेताओं के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस मामले पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
