सेवा संकल्प अभियान फ्लॉप शो, जनता तो दूर भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं ने भी बनाई दूरी:

रायपुर/05 अक्टूबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा का तथाकथित सेवा संकल्प अभियान पूरी तरह फ्लॉप शो साबित हो गया है। मोदी के 25 वर्षों के कथित जनसेवा के प्रचार के लिए भाजपा ने सरकारी मशीनरी और सरकारी खजाने का जमकर दुरुपयोग किया, लेकिन जनता ने इस पूरे प्रपंच को सिरे से खारिज कर दिया। न जनता अभियान में पहुंची, न दीया जलाने में उत्साह दिखाया और कई स्थानों पर भाजपा के नेता-कार्यकर्ता भी इससे दूरी बनाते नजर आए। जनता की भागीदारी शून्य होने के बाद भाजपा सरकार ने सरकारी तंत्र पर दबाव डालकर भीड़ जुटाने और कार्यक्रमों को सफल दिखाने की कोशिश की। सरकारी पैसे से टेंट, तंबू, कुर्सी, टेबल, फूल-माला सहित तमाम इंतजाम किये जा रहे हैं, लेकिन जनता कार्यक्रमों से गायब है। सरकारी तेल से दीया जलाकर भाजपा अपने प्रचार की रोशनी दिखाना चाहती है, जबकि जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल व्यवस्था के अंधेरे में जीने को मजबूर है।प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि सेवा के नाम पर सरकारी कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा गया। शिक्षकों पर दबाव डालकर रक्तदान करवाने की शिकायतें सामने आई हैं। जिन शिक्षकों का काम बच्चों को पढ़ाना है, उन्हें राजनीतिक प्रचार के कार्यक्रमों में दबावपूर्वक शामिल करना भाजपा सरकार की हताशा और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग को उजागर करता है। इससे शिक्षकों में भी गहरी नाराजगी है। अगर मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां वास्तव में जनता के लिए गौरव का विषय होतीं, तो भाजपा को सरकारी तंत्र के सहारे कार्यक्रम करने की जरूरत नहीं पड़ती। जनता स्वयं सड़कों पर उतरकर जश्न मनाती। लेकिन हकीकत यह है कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, छोटे व्यापारियों की परेशानी और आम आदमी पर बढ़ते आर्थिक बोझ ने भाजपा के विकास और जनसेवा के दावों की पोल खोल दी है।प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश पर कर्ज का बोझ बढ़ा, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी, सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने की प्रक्रिया तेज हुई, सरकारी स्कूलों की स्थिति बदहाल हुई और रेल सहित सार्वजनिक सुविधाओं पर आम जनता की परेशानी बढ़ी। किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी, मजदूर और मध्यम वर्ग सभी भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हैं। एक तरफ जनता रोजगार, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, दूसरी तरफ भाजपा सरकारी धन से अपने राजनीतिक प्रचार का मंच सजा रही है। यह सेवा संकल्प नहीं बल्कि जनता के जख्मों पर सरकारी पैसे से नमक छिड़कने का अभियान है।प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा को समझ लेना चाहिए कि टेंट लगाकर, कुर्सियां भरकर, सरकारी कर्मचारियों पर दबाव डालकर और सरकारी पैसे से दीये जलाकर जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता। जनता को प्रचार नहीं, रोजगार चाहिए; दिखावा नहीं, महंगाई से राहत चाहिए; भाषण नहीं, बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य चाहिए। सेवा संकल्प अभियान की विफलता इस बात का स्पष्ट संदेश है कि भाजपा के प्रचार और जनता की वास्तविकता के बीच जमीन-आसमान का अंतर है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *