5 सालों में 1 लाख सरकारी नौकरी का वादा था, तीन साल में पांच हजार भी भर्ती नहीं –

रायपुर/03 अक्टूबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि 5 सालों में 1 लाख सरकारी नौकरी का वादा था, तीन साल में पांच हजार भी भर्ती नहीं। भाजपा को सरकार में आए पौने तीन साल हो गया है जब भाजपा सरकार में आई है युवाओं के लिए सरकारी भर्तियां निकलना बंद हो गई। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में एक लाख सात हजार पद खाली है सरकार भर्ती नहीं निकाल रही है। भाजपा सरकार से सवाल किया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं से किए गए एक लाख सरकारी नौकरियों के वादे का क्या हुआ? भाजपा ने चुनाव के समय “मोदी की गारंटी” में वादा किया था। अब 5 साल में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने सरकार को प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को बताना चाहिए कि उस गारंटी की नौकरी कब मिलेगी? भाजपा को सत्ता में आए ढाई साल बीत चुका है, प्रदेश में सरकारी विभागों के एक लाख से अधिक पद रिक्त बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि सबसे चिंताजनक स्थिति शिक्षा विभाग की है। प्रदेश में लगभग 53 हजार शिक्षक पद रिक्त बताए जा रहे हैं। स्कूलों में शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है और दूसरी ओर लाखों शिक्षित बेरोजगार युवा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कांग्रेस का सवाल है कि जब पद खाली हैं, तो सरकार नियमित भर्ती क्यों नहीं कर रही? उच्च शिक्षा विभाग में भी लगभग 3 हजार पद रिक्त हैं। महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं अन्य आवश्यक पदों की कमी के बावजूद भर्ती प्रक्रिया को गति नहीं दी जा रही है। इससे शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और योग्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बंद हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश में वर्षों से संविदा और अनियमित व्यवस्था में काम कर रहे हजारों कर्मचारी नियमितीकरण की उम्मीद लगाए बैठे हैं। चुनाव के समय भाजपा ने कर्मचारियों और युवाओं से अनेक वादे किए थे। अब सरकार स्पष्ट करे संविदा कर्मचारियों को नियमित कब किया जाएगा? क्या सरकार ने नियमितीकरण की कोई समय सीमा तय की है? यदि तय की है तो सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार से मांग करती है कि एक लाख सरकारी नौकरी की “मोदी की गारंटी” की स्पष्ट समय सीमा घोषित करे, विभागवार रिक्त पदों का विवरण जारी करे और सभी योग्य पदों पर पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू करे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *