एमडी ठाकुर को राज्यमंत्री का दर्जा मिलने से खुज्जी में भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा

बापूटोला में ग्रामीणों ने सड़क पर रोककर सौंपा ज्ञापन
जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा भाजपा नेता एमडी ठाकुर को अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त कर राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने के बाद खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र में कांग्रेस विधायक होने के बावजूद सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता महसूस होती रही है। ऐसे में
एमडी ठाकुर की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ने तथा संगठन में नई सक्रियता आने की चर्चा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यह भी चर्चा रही है कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष जाने पर कई बार अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलती थी। अब राज्यमंत्री का दर्जा मिलने के बाद कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनकी समस्याएं शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचेंगी। वहीं स्थानीय प्रशासन भी सत्ता पक्ष के जिम्मेदार नेताओं की बढ़ती सक्रियता को लेकर सतर्क नजर आ सकता है।
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व से ग्रामीणों में उम्मीद
एमडी ठाकुर स्थानीय होने के साथ सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के लिए चर्चित हैं। हाल ही में ग्रामीण क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्राम बापूटोला में कुछ ग्रामीणों ने सड़क पर हाथ देकर उनका वाहन रुकवाया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। एमडी ठाकुर ने ज्ञापन स्वीकार कर समस्याओं के अतिशीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान भाजपा नेता चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, मोनू गुप्ता, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा तथा छुरिया के समाजसेवी मनोज सिन्हा ने भी उनसे विशेष मुलाकात की। राज्यमंत्री से ग्रामीणों का सीधे संवाद और भाजपा नेताओं की सक्रियता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
राजनीतिक दृष्टि से एमडी ठाकुर की नई जिम्मेदारी को खुज्जी विधानसभा में भाजपा संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब कार्यकर्ताओं की उम्मीदें बढ़ी हैं कि क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *