(जसीम कूरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया, जिला राजनांदगांव। राज्य शासन के निर्देशानुसार “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद पंचायत छुरिया क्षेत्र में किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सेवा, सुशासन, स्वच्छता, जल संरक्षण, जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम से होगी। इस दौरान परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सकारात्मकता एवं सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लगभग 50,000 घरों में दीप प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “नमो सेवा-अनकही कहानियां” गतिविधि आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों को ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा तथा लगभग 2,000 ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
07 अक्टूबर को “सेवा ज्योति कलश यात्रा” आयोजित होगी, जिसमें संबंधित ग्रामों की ग्रामीण महिलाओं एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। इस कार्यक्रम में लगभग 500 ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
01 अक्टूबर को “जल जन सेवा संकल्प” के अंतर्गत नदी, तालाब एवं सार्वजनिक स्थलों की श्रमदान से साफ-सफाई तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता हेतु गोष्ठी एवं परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इस गतिविधि में लगभग 1,800 ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को “सुशासन सेवा संवाद – जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से सुशासन, जनसेवा एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।
अध्यक्ष, जनपद पंचायत छुरिया ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर अभियान को सफल बनाएं तथा स्वच्छता, जल संरक्षण, जनसेवा एवं ग्राम विकास में अपना योगदान दें।
—
