ग्राम बरौदा में यादव महासम्मेलन और सामाजिक भवन का लोकार्पण; मुख्यमंत्री साय के साथ शामिल हुए विधायक अनुज

आज धरसीवाँ विधानसभा के ग्राम बरौदा में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय यादव समाज महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि में प्रदेश के मुखिया श्रीं विष्णु देव साय के साथ क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि श्रीं विष्णु देव साय व विधायक अनुज शर्मा का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया।

*भवन लोकार्पण: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कर-कमलों से नवनिर्मित सामाजिक भवन का फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया गया।
*प्रतिभा सम्मान:* समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक रंग: छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और यादव समाज के पारंपरिक लोक नृत्यों (राउत नाचा) की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
समाज की एकता और प्रगति पर दिया बल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झेरिया यादव समाज को इस प्रदेश स्तरीय आयोजन और नए भवन के लोकार्पण की बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज का इतिहास हमेशा से समाज को जोड़ने, सेवा करने और संस्कृति की रक्षा करने का रहा है।आज सामाजिक भवन का लोकार्पण हुआ है। यह केवल ईंट-पत्थरों से बना एक ढांचा नहीं है, बल्कि यह आपके समाज की एकता, संगठन की शक्ति और एक सुनहरे भविष्य का प्रतीक है। यह भवन सामाजिक चर्चाओं, युवाओं के मार्गदर्शन और समाज की प्रगति का एक बड़ा केंद्र बनेगा। हमारा छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है, और जब छत्तीसगढ़ की संस्कृति की बात होती है, तो यादव समाज के ‘राउत नाचा’ और दोहों के बिना वह अधूरी है। आपने हमारी लोक कला और पारंपरिक संस्कृति को जीवित रखा है। मैं आपकी इस कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए हमेशा आपके साथ हूँ।
वहीं विधायक अनुज शर्मा ने कहा की संगठन की असली ताकत शिक्षा और युवाओं के विकास में है। मैं समाज के युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और राजनीति, व्यवसाय, अपनी कला व खेल हर क्षेत्र में समाज का नाम रोशन करें। समाज के वरिष्ठ जन युवाओं को सही दिशा दिखाएं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास और यादव समाज की हर जायज मांग व आवश्यकता को पूरा करने के लिए मैं सदैव तत्पर हूँ। शासन की हर कल्याणकारी योजना का लाभ आप तक पहुँचे, यह मेरी प्राथमिकता है। आप लोगों ने जो स्नेह और सम्मान मुझे दिया है, उसके लिए मैं पूरे झेरिया यादव समाज का हृदय से आभारी हूँ। आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
विशिष्ट जनों की रही उपस्थिति
इस प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा , चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, ज़िला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल,छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष, पदाधिकारीगण, ग्राम बरौदा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हजारों की संख्या में स्वजातीय बंधु, मातृशक्ति और युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *