रायपुर, 6 जुलाई। राजधानी रायपुर में हुई अभूतपूर्व अतिवृष्टि ने कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लगातार हुई मूसलाधार बारिश से शहर के अनेक क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई, जिससे हजारों नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हुआ। गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक-29 सहित आसपास के क्षेत्रों में कई घरों में पानी घुसने से राशन, घरेलू उपयोग की सामग्री एवं आवश्यक सामान खराब हो गए तथा लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक-29 के पार्षद कैलाश बेहरा ने नगर निगम के मुख्य आयुक्त श्री संविद मिश्रा, जोन क्रमांक-03 की आयुक्त श्रीमती प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता श्री ईश्वर लाल टावरे तथा नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं अरमान नाला का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर समीपवर्ती वार्ड के पार्षद श्री राजेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पार्षद कैलाश बेहरा ने अधिकारियों के समक्ष कहा कि वर्षों से हुए अवैध अतिक्रमण के कारण अरमान नाला अपनी मूल चौड़ाई खो चुका है और अब नाली का स्वरूप ले चुका है। परिणामस्वरूप तेज बारिश के समय पानी की निकासी बाधित होती है और नाला उफान पर आकर आसपास की बस्तियों एवं घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे प्रत्येक वर्ष नागरिकों को भारी आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने नाले से अवैध अतिक्रमण हटाने, नाले का वैज्ञानिक तरीके से चौड़ीकरण एवं गहरीकरण कराने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की। नगर निगम के मुख्य आयुक्त श्री संविद मिश्रा ने विषय की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत पार्षद कैलाश बेहरा ने अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य भी संचालित किए। जलभराव और पानी निकासी की समस्या के कारण अनेक परिवारों के घरों में भोजन बनाना संभव नहीं हो पाया था। इसे देखते हुए प्रभावित परिवारों तक पका हुआ गरम भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाई गई।
इस दौरान जगन्नाथ नगर, प्रगति नगर, इमामबाड़ा, गौरा नगर, गांधी नगर, राधा-कृष्ण मंदिर क्षेत्र, काली नगर सहित विभिन्न बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत सामग्री वितरित की गई तथा नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि “जनप्रतिनिधि होने के नाते संकट की इस घड़ी में प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ खड़ा रहना हमारा दायित्व है। नागरिकों की सुरक्षा, राहत और स्थायी समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। प्रशासन के सहयोग से जल निकासी, अतिक्रमण हटाने एवं राहत कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।”
