कांग्रेस नेता चुम्मन साहू की पहल पर सक्रिय हुआ पुलिस प्रशासन

ठेकेदार के दबाव में विजयवाड़ा में रुके दो मजदूर, पुलिस की सख्ती के बाद घर वापसी के लिए हुए रवाना।
ख़बर छत्तीसगढ़ जसीम कुरैशी
छुरिया। राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के ग्राम रामपुर और अछोली के दो मजदूर रोजगार की तलाश में बाहर गए थे, लेकिन कथित रूप से बिचौलियों के माध्यम से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पहुंच गए। वहां काम पसंद नहीं आने पर जब उन्होंने घर लौटने की इच्छा जताई, तो संबंधित ठेकेदार उन्हें वापस भेजने के बजाय वहीं काम करने का दबाव बनाने लगा।

मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता एवं पूर्व महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी चुम्मन साहू मजदूरों के परिजनों के साथ चिचोला थाना पहुंचे और थाना प्रभारी (टीआई) को पूरे मामले से अवगत कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर निवासी भूपेश साहू (पिता मोहन साहू) एवं ग्राम अछोली निवासी हेमेंद्र साहू (पिता सुखचंद साहू) स्थानीय स्तर पर रोजगार नहीं मिलने के कारण काम की तलाश में बाहर गए थे। परिजनों के मुताबिक, नागपुर निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें नागपुर में काम दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में उन्हें विजयवाड़ा भेज दिया गया।

चुम्मन साहू की पहल पर चिचोला थाना प्रभारी ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संबंधित ठेकेदार से मोबाइल पर संपर्क किया। टीआई ने मजदूरों को तत्काल घर भेजने के निर्देश दिए और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। पुलिस की सख्ती के बाद ठेकेदार दोनों मजदूरों को घर भेजने के लिए तैयार हो गया और दोनों मजदूर अपने घर लौटने के लिए रवाना हो गए।

चुम्मन साहू की त्वरित पहल और पुलिस की सक्रियता से दोनों बेबस परिवारों को बड़ी राहत मिली। मजदूरों के घर वापसी के लिए रवाना होने की सूचना मिलते ही परिजनों में खुशी का माहौल है।

इस संबंध में कांग्रेस नेता एवं पूर्व महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी चुम्मन साहू ने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में बाहर जाने वाले मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण या जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद करेंगे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *