महंगाई की मार से जनता बेहाल, सरकार के खिलाफ बढ़ रहा आक्रोश : चुम्मन साहू

कहा – पेट्रोल ,डीजल और रसोई गैस के दाम बार बार बढ़ने का नतीजा आगामी चुनाव में दिखेगा
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया जिला कांग्रेस के पूर्व महामंत्री चुम्मन साहू ने केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और बिजली की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और इसका सीधा असर गरीब, मध्यम वर्ग तथा किसानों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।
श्री साहू ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर परिवहन लागत पर पड़ता है जिससे खाद्यान्न, सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों के दाम भी बढ़ जाते हैं। वहीं रसोई गैस और बिजली की बढ़ी हुई दरों ने घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर होकर केवल बड़े उद्योगपतियों के हितों की रक्षा करने में लगी हुई है। महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते आर्थिक बोझ से परेशान जनता अब सरकार की नीतियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने लगी है। छत्तीसगढ़ सहित देशभर में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं जिससे जनता के भीतर व्याप्त असंतोष साफ दिखाई दे रहा है। श्री साहू ने कहा कि स्थिति यह है कि भाजपा के कई कार्यकर्ता और समर्थक भी सरकार की नीतियों को लेकर असहज नजर आ रहे हैं। जनता का भाजपा और एनडीए सरकार से तेजी से मोहभंग हो रहा है। जिस लोकप्रियता के दम पर सरकार सत्ता में आई थी वह अब धीरे-धीरे समाप्त होती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। बढ़ती महंगाई और जनविरोधी नीतियों का असर आगामी चुनावों में निश्चित रूप से दिखाई देगा। आम नागरिक अपने मत के माध्यम से सरकार को जवाब देने के लिए तैयार बैठा है। आने वाले चुनावों में महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक परेशानियां प्रमुख मुद्दे बनेंगी और जनता इन्हीं मुद्दों के आधार पर अपना फैसला सुनाएगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *