(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। गोपालपुर में आयोजित सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस सड़क से होकर जिला कलेक्टर, अधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में पहुंचे, उसकी बदहाल स्थिति ने सरकार के विकास और सुशासन के दावों की पोल खोल दी है।
चुम्मन साहू ने कहा, “गोपालपुर में सुशासन तिहार नहीं, बल्कि कुशासन की तस्वीर दिखाई दी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, डामर उखड़ चुका है और लोग रोज दुर्घटना का खतरा उठाकर आवागमन करने को मजबूर हैं। ऐसे में सरकार का सुशासन का दावा सिर्फ दिखावा साबित हो रहा है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि “जब प्रशासन को पहले से पता था कि यहां सुशासन तिहार का आयोजन होना है और जिला कलेक्टर सहित कई अधिकारी पहुंचेंगे, तब संबंधित विभाग ने सड़क की मरम्मत क्यों नहीं कराई? क्या अधिकारियों को सिर्फ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना था या जनता की समस्याएं भी देखनी थीं?”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि “भाजपा सरकार इवेंट और प्रचार में व्यस्त है, जबकि गांवों की बुनियादी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गोपालपुर की यह सड़क विकास के दावों की असलियत बता रही है।”
उन्होंने मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
“जनता अब भाषण और घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी। जनता को अच्छी सड़क, मूलभूत सुविधाएं और जवाबदेह प्रशासन चाहिए।”
