(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। नगर पंचायत छुरिया के पार्षद सोनू खान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया की बदहाल व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “छुरिया अस्पताल अब अस्पताल कम, मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का अड्डा ज्यादा बन चुका है। यहां इलाज नहीं, बल्कि अव्यवस्था परोसी जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि “अस्पताल में ग्लूकोज, इलेक्ट्रॉल पाउडर जैसी सामान्य और आवश्यक सामग्री तक उपलब्ध नहीं है। रात्रिकालीन समय में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीज भगवान भरोसे रहते हैं। मरीजों की भीड़ बढ़ने के बाद आनन-फानन में स्टोर रूम से दवाइयां निकालना यह साबित करता है कि अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।”
सोनू खान ने कहा कि “यदि किसी मरीज की जान चली जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? आखिर कब तक छुरिया की जनता लापरवाह अधिकारियों की मनमानी झेलेगी? क्या ऐसे अधिकारियों को किसी बड़े संरक्षण का फायदा मिल रहा है, जिसके कारण लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही?”
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों का घेराव होगा।”
