रायपुर(Raipur)20 अप्रैल 2026: अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के उपलक्ष्य में अग्निशमन विभाग रायपुर एवं राज्य आपदा मोचन बल के संयुक्त तत्वावधान में SBI बैंक मुख्यालय, रायपुर में एक प्रभावी एवं जागरूकता परक मॉक ड्रिल का भव्य आयोजन किया गया।यह मॉक ड्रिल संभागीय सेनानी अनिमा एस. कुजूर एवं जिला अग्निशमन अधिकारी/जिला सेनानी पुष्पराज सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना, बचाव कार्यों की दक्षता को सुदृढ़ करना तथा आमजन एवं संस्थागत कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता का विस्तार करना रहा।

वर्ष 2026 की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा अवगत समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ” के अनुरूप इस कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विशेष बल दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान आपदा की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर सुरक्षित निकासी (Evacuation), अग्निशामक यंत्रों के प्रभावी उपयोग तथा आपातकालीन प्रबंधन की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को आग से बचाव के आवश्यक उपायों एवं आपदा के समय संयमित एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार के अभ्यासों से न केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूती मिलती है, बल्कि जन-सुरक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।SBI द्वारा “SBI CARES FOR YOUR SAFETY” के संदेश के माध्यम से अपने ग्राहकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।इसी के साथ अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह विशेष मॉक ड्रिल कार्यक्रम तथा संपूर्ण सप्ताह का सफलतापूर्वक एवं गरिमामय समापन हुआ।
