जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छूरिया सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि अधिकारी द्वारा पत्रकार और वकील की बेरहमी से पिटाई की घटना पर कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और अब अधिकारियों के जरिए डर और दमन की राजनीति चलाई जा रही है।
चुम्मन साहू ने कहा, “जब सरकारी दफ्तरों में बैठे अधिकारी ही गुंडागर्दी पर उतर आएं और पत्रकार-वकील जैसे जागरूक लोगों को पीटें, तो समझिए भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। यह लोकतंत्र नहीं, तानाशाही का संकेत है।”
उन्होंने आगे कहा, “भाजपा सरकार ने प्रशासन को खुली छूट दे दी है, इसलिए अधिकारी खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं। यही कारण है कि आम जनता के साथ-साथ अब पत्रकार और वकील भी सुरक्षित नहीं हैं।”
साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रदेश को विकास की पटरी पर लाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार असल में भय और अराजकता का माहौल बना रही है। अगर यही हाल रहा, तो जनता सड़कों पर उतरकर जवाब देगी।”
उन्होंने मांग की कि आरोपी अधिकारी को तत्काल निलंबित कर गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।
