जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छूरिया राजनांदगांव जिला कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने आबकारी विभाग और भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जिले को सुनियोजित तरीके से “संस्कारधानी” से “शराबधानी” में बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत साफ नजर आ रही है।
चुम्मन साहू ने कहा कि पहले जिले में सीमित संख्या में शराब दुकानें थीं, लेकिन वर्तमान में जिस तेजी से दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार का फोकस विकास से ज्यादा शराब से राजस्व कमाने पर है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “आज हालात ये हैं कि मल्टीप्लेक्स कम और शराब दुकानें ज्यादा नजर आ रही हैं। जहां जरूरत नहीं, वहां भी दुकानें खोली जा रही हैं—क्या यही विकास है?”
कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना “सेटिंग” के कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती और बाबुओं व अधिकारियों की मिलीभगत से पूरे जिले में शराब दुकानों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने घूमका क्षेत्र के गोठान में शराब दुकान खोले जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि “अब तो गोठान जैसी जगहों को भी नहीं छोड़ा गया—क्या यही सरकार की नीति है?”
चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि एक ओर संस्कृति और संस्कार की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर गांव-गांव शराब परोसी जा रही है। इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और महिलाओं की सुरक्षा पर भी असर पड़ रहा है।
