महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के नाम पर महिलाओं को प्रताड़ित कर रही है भाजपा सरकार” — चुम्मन साहू


जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया:छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी अनिवार्य किए जाने के बाद प्रदेशभर की महिलाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे महिलाओं के साथ अन्याय करार दिया है।
चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़े-बड़े वादों के साथ महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। ई-केवाईसी की अनिवार्यता ने महिलाओं की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। पंचायत भवनों और वार्ड कार्यालयों में लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं, कई जगह सर्वर बार-बार डाउन हो रहा है, जिससे महिलाएं घंटों इंतजार करने के बाद भी निराश लौटने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त संसाधन और बजट नहीं है, इसलिए ई-केवाईसी को एक औजार बनाकर पात्र महिलाओं को सूची से बाहर करने की कोशिश की जा रही है। “यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करने का माध्यम बनती जा रही है।
चुम्मन साहू ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी और तकनीकी सुविधाओं के अभाव के कारण महिलाएं कई किलोमीटर दूर तक भटकने को मजबूर हैं। बुजुर्ग महिलाएं, गरीब परिवारों की महिलाएं और कामकाजी महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि ई-केवाईसी प्रक्रिया को तत्काल सरल बनाया जाए, अतिरिक्त केंद्रों की व्यवस्था की जाए, सर्वर और तकनीकी समस्याओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अंत में चुम्मन साहू ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी और महिलाओं के हक की लड़ाई को और तेज करेगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *