जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया :-खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भोलापुर के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक भोलाराम साहू के प्रयासों से भोलापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पद सेटअप को स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारियों के पद स्वीकृत नहीं होने के कारण यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो पा रही थीं, जिससे ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था।
गौरतलब है कि भोलापुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भवन निर्माण कार्य काफी पहले ही पूर्ण हो चुका था, लेकिन आवश्यक पदों की स्वीकृति नहीं मिलने से स्वास्थ्य केन्द्र चालू नहीं हो पा रहा था। इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक भोलाराम साहू ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और शासन का ध्यान आकर्षित किया। विधायक के निरंतर प्रयासों और सदन में प्रभावी पहल के परिणामस्वरूप अब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर, नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के पदों को स्वीकृति मिल गई है। इससे जल्द ही स्टाफ की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है और क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इधर पद सेटअप की स्वीकृति मिलने की खबर से ग्राम भोलापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर ग्राम भोलापुर की सरपंच श्रीमती चमेली ठाकुर, शिशुपाल साहू, हेम साहू, लखन लाल साहू, पंच कगुरा राम चतुर्वेदी, सुनीता साहू, अनिता चतुर्वेदी, श्रीबती साहू, योगेश्वरी साहू, राजेश्वरी साहू, दुर्पत साहू, ग्राम पटेल मोहित राम सिन्हा, ग्रामीण साहू समाज के सचिव मुकेश साहू, छन्नू साहू, पंचू राम साहू, मनीराम नेताम, सोमेश साहू, भोजेश चतुर्वेदी, मनबोध चतुर्वेदी, उत्तम साहू, जनक लाल साहू, दिनेश साहू सहित अनेक ग्रामीणों ने खुज्जी स्थित विधायक निवास पहुंचकर विधायक भोलाराम साहू से मुलाकात की और इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक के अथक प्रयासों और सदन में लगातार मुद्दा उठाने के कारण ही भोलापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पद स्वीकृत हो पाया है। इससे अब क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि विधायक भोलाराम साहू के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
