डबल इंजन सरकार में बढ़ती महंगाई ने तोड़ी आम जनता की कमर – चुम्मन साहू


जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया:जिला कांग्रेस के महामंत्री चुम्मन साहू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नाम पर देश की जनता को केवल महंगाई की सौगात दी जा रही है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।
चुम्मन साहू ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल, आटा-दाल, सब्जियों सहित रोजमर्रा की लगभग हर वस्तु की कीमत आसमान छू रही है। महंगाई के कारण मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। रसोई चलाना आम परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर लगातार कीमतें बढ़ा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा देश की जनता भुगत रही है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे कर जनता को सपने दिखाए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है।
चुम्मन साहू ने कहा कि देश में बेरोजगारी पहले ही चरम पर है, ऊपर से बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों का असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण किया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। चुम्मन साहू ने कहा कि अगर महंगाई पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो जनता आने वाले समय में इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *