जसीम कूरैशी कि रिपोर्ट
छुरिया:- ग्राम पंचायत लालूटोला में विद्या महिला ग्राम संगठन के तत्वावधान में आयोजित आमसभा कार्यक्रम जनसहभागिता, सामाजिक एकता और विकास के संकल्प का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव, जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा, जनपद पंचायत छुरिया सदस्य श्रीमती उत्तरा निषाद, राधिका गंधर्व, बालमुकुंद कुंजाम, संरपंच चतुर सिंह पाल व बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि गांव की उन्नति तभी संभव है जब महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि महिला ग्राम संगठन सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है और यही संगठन गांव को आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और समृद्धि की राह पर अग्रसर कर सकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, स्वरोजगार एवं कृषि उन्नयन जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को संगठित होकर विकास कार्यों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।श्रीमती वैष्णव ने यह भी कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने, समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आमसभा लोकतंत्र की आत्मा है, जहां जनता स्वयं अपने विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ लें और ग्राम पंचायत के माध्यम से विकास कार्यों की निरंतर निगरानी करें।श्री सिन्हा ने कहा कि जब ग्रामवासी संगठित होकर कार्य करते हैं, तब गांव आदर्श ग्राम बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और जनजागरूकता को गांव की प्रगति का मूल मंत्र बताया।
साथ ही इस अवसर पर श्रीमती रेखाबाई गंधर्व,जनपद सदस्य,श्रीमती उत्तरा निषाद जनपद सदस्य, श्री बालमुकुंद कुंजाम जनपद सदस्य,श्री चातुर सिंह पाल सरपंच, ग्राम पंचायत लालूटोला,श्री खुशवंत सिन्हा – उपसरपंच,श्री महेश कुमार चंद्रवंशी पूर्व सरपंच,श्री संतोष कंवर ग्राम पटेल,श्रीमती दयाबाई बघेल ग्राम संगठन अध्यक्ष,श्रीमती पुष्पा चंदेल – बी.सी. सखी,श्रीमती बंदनी कंवर – सक्रिय महिला सदस्य,श्रीमती अंजू कंवर – सचिव,श्रीमती दीपा सिन्हा,आर.बी.के.,श्रीमती गजलता यादव – वी.ओ. सहायक,श्रीमती अनजनी बाई निषाद, श्रीमती फूलमती आडकले – कृषि सखी,श्रीमती दुर्गा सिन्हा – पी.आर.पी.,श्रीमती हेमलता हिरवानी – एफ.एल.सी.आर.पी. सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक एकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव रखे और गांव को स्वच्छ, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
