असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन, कारोबारियों से सांठगाठ का लगाया आरोप

रायपुर(Raipur) एनएसयूआई ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय परिसर में असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम के खिलाफ प्रदर्शन किया। एनएसयूआई का आरोप है कि असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम को टैन कैफे में नकली दवाइयों के कारोबारियों के साथ कथित तौर पर सांठ-गांठ करते हुए देखा गया है। जिसका वीडियो भी सामने आया है। एनएसयूआई का कहना है कि इतने गंभीर आरोप और सबूत सामने आने के बावजूद अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के नेताओं ने भ्रष्टाचार और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि नकली दवाइयों का व्यापार सीधे तौर पर आम जनता की जान से खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एनएसयूआई नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम को पांच लाख रुपये नकद देने की पेशकश करते हुए कहा कि वे रिश्वतखोरी और दवा माफियाओं से कथित सांठ-गांठ पूरी तरह छोड़ दें। साथ ही यह भी कहा गया कि जरूरत पड़ने पर संगठन की ओर से हर महीने पचास हजार रुपये अलग से देने को भी तैयार हैं, लेकिन नकली दवाइयों की सप्लाई और अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *