अभ्युदय – आइए, साथ मिलकर आगे बढ़ें”जे. बी. स्कूल का 14वाँ वार्षिक उत्सव भव्यता के साथ संपन्न


तिल्दा नेवरा:: अभ्युदय का अर्थ है—उत्थान, प्रगति, उन्नति एवं सर्वांगीण विकास। इस वार्षिकोत्सव के हर कार्यक्रम में विद्यालय की दूरदर्शी सोच, अनुशासन, सृजनात्मकता, नेतृत्व और शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ आत्मविश्वासी विद्यार्थियों की झलक देखने को मिली।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में नन्हे विद्यार्थियों की चॉकलेट डांस ने मासूमियत और आनंद बिखेरा। “ड्रीम बिग, फ्लाई हाई” थीम पर आधारित रैम्प वॉक टैलेंट शो के माध्यम से नन्हें नर्सरी के बच्चों ने अपने भविष्य के सपनों को दिखाया। हैप्पी चिल्ड्रन, चले जैसे हवाएँ, तारे आसमान से, जंगल डांस, प्रॉप डांस से सारे दर्शक भावविभोर हुए।

देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति “वीर भूमि – ये देश है वीर जवानों का”, वंदे मातरम, झांसी की रानी ने राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत किया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत को शानदार तरीके से बच्चों ने प्रस्तुत कर दर्शकों को जोश से भर दिया।

गणेश वंदना, कांतारा, युगमंथन, नटराज स्तुति, छत्तीसगढ़ी नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध झलक प्रस्तुत की वहीं सजदा नृत्य की प्रस्तुति के साथ वातावरण आध्यात्मिक तरंगों से गूंज उठा। विचारोत्तेजक नाटक “माय स्कूल – व्हेयर माइंड्स ब्लूम” ने विद्यालय के पोषक शिक्षण परिवेश को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।

हेड बॉय फ़राज़ अहमद एवं हेड गर्ल अदिति नायक ने अपने प्रेरक उद्बोधन से विद्यार्थियों के जीवन में संस्कार, लीडरशिप, सेवा, मूल्यों और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, कैबिनेट मंत्री – गुरु खुशवंत साहेब ने विद्यालय के अनुशासन, शिक्षकों एवं मैनेजमेंट के टीम वर्क की सराहना करते हुए कहा, “यदि मेरे समय में जे बी विद्यालय होता, तो मैं अवश्य इसी विद्यालय में प्रवेश लेता। मेरे परिवार के बच्चे इस विद्यालय में पढ़ रहे हैं और मैने उनकी कार्यक्रम में प्रस्तुति देखी। शिक्षकों ने उनमें ऐसा आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और व्यक्तित्व निखारा है कि मैं उन्हें कार्यक्रम में पहचान ही नहीं पा रहा था। उन्होंने कहा अक्सर जो विद्यार्थी को-करीकुलर एक्टिविटी में आगे होते हैं वे पढ़ाई में कम अच्छे होते हैं। किंतु इस विद्यालय में जो विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं वे अकादमिक उत्कृष्टता का भी पुरस्कार प्राप्त कर रहे हैं। इसका अर्थ है कि विद्यार्थी अन्य गतिविधियों के साथ अकादमिक में भी बराबर प्रदर्शन करते है।”
उन्होंने कहा कि तिल्दा के पालक भाग्यशाली हैं जिन्हें जे बी जैसा विद्यालय मिला है जो विद्यार्थी को हर तरीके से निखारने का काम कर रहा है। विद्यालय को आगे बढ़ते रहने और श्रेष्ठतम प्रदर्शन करते रहने हेतु शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा विद्यालय के अपनेपन और सौहार्दपूर्ण स्वागत से अभिभूत हुई। उन्होंने कहा, “यहाँ के बच्चे अत्यंत सक्रिय हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालय में प्रवेश करते हुए मैं यहाँ की साज-सज्जा और भव्यता से बहुत प्रभावित हूँ ।”
रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी, हिमांशु भारती ने कहा – जब रायपुर जिले के उत्कृष्ट विद्यालयों की बात होती है तो जे बी स्कूल का नाम जरुर आता है। बच्चों के पोषण, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिख रहा है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्किट “माय स्कूल – व्हेयर माइंड्स ब्लूम” की सराहना की और कहा कि इस स्किट में विद्यालय का विजन स्पष्ट दिखाई दे रहा है और यही नई शिक्षा निति 2020 का उद्देश्य है। उन्होंने पालकों से बच्चों की रुचि के अनुसार करियर उपयोगी स्किल के साथ पढ़ाई करने पर जोर दिया ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा के अनुसार किसी भी क्षेत्र में कुशलता पूर्वक काम कर सकते है। उन्होंने बच्चों को भी अपने अभिभावकों की अपेक्षाओं को समझने और उनका सम्मान करने की सीख दी।

कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा, के पुत्र पुष्पराज वर्मा, भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जो यू एस में लंबे समय के कार्य अनुभव के पश्चात अब छत्तीसगढ़ में अपनी सेवायें दे रहे हैं। उन्होंने बच्चों को ‘बेबी जिराफ’ की कहानी द्वारा पालकों, शिक्षको और बच्चों को सही दिशा में परिश्रम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे जीवन के संघर्षों को जीत कर सफलता प्राप्त कर सकें।

प्राचार्या द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गतिविधियों एवं भावी योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया गया।
बोर्ड एग्जाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कक्षा दसवीं से रिया पांडे को रु 15000, दृष्टि चंदानी को रु 10000, कक्षा बारवीं से कुनाल वर्मा को रु 25000, अर्चित मैती को रु 15000, सृजन कोलनकर को रु 15000, आयुष कुमार रे को रु 10000, पलक डोडवानी को रु 10000, गुंजन भिखवानी को रु 5000 आदि को जे बी संस्था द्वारा नकद पुरुस्कार राशी प्रदान कि गई l

विद्यार्थियों को विविध क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु उत्कृष्टता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

स्टूडेंट ऑफ द ईयर: फ़राज़ अहमद फ़ारूक़ी
लिटिल चैंप ऑफ द ईयर: वान्या शर्मा
लिटिल चैंप ऑफ द ईयर : तनिषा पांडेय

गणमान्य अतिथियों का सम्मान प्रबंधक श्रीकांत अग्रवाल द्वारा शाल ओढ़कर एवं स्मृति चिन्ह एवं विद्यार्थियों द्वारा बनाई कलाकृतियां प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय पत्रिका का विमोचन मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन प्राचार्या के भावपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन एवं “मोस्ट ग्लोरियस” भव्य प्रस्तुति के साथ हुआ।

“अभ्युदय” केवल एक वार्षिकोत्सव नहीं, बल्कि उभरते सपनों, शैक्षणिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक एकता और युवा ऊर्जा का उत्सव रहा। यह आयोजन वास्तव में “आइए, साथ मिलकर आगे बढ़ें” की भावना को साकार करता हुआ जे. बी. स्कूल की गौरवशाली यात्रा का एक अविस्मरणीय अध्याय बन गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक विद्यार्थियों ने विविध रंगारंग कार्यक्रमों में भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता आनिल अग्रवाल, राम पंजवानी, डॉ एल.पी. साहु, ओम प्रकाश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल आदि जन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *