नाव पर पहुंचे विधायक पुरंदर मिश्रा, उगते सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ी आस्था की भीड़

रायपुर(Raipur)28/10/2025: राजधानी के समता कॉलोनी स्थित आमा तालाब में छठ महापर्व की भोर ने श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम रचा। उगते सूरज की पहली किरण के साथ तालाब में जुटे व्रतियों ने जल में उतरकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह करीब 5 बजे रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा नाव पर सवार होकर विशेष अंदाज में पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्साह में सहभागी बने।

तालाब किनारे हर ओर भावनाओं और भक्ति की पवित्र लहरें उमड़ती दिखीं।विधायक मिश्रा ने कहा, “सूर्य देव और छठी मैया सबके जीवन में सुख, शांति और खुशहाली का प्रकाश फैलाएं। यह पर्व भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है, जो हमें अपनी जड़ों से जोड़कर रखता है।” उन्होंने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को सनातन संस्कृति के प्रति अटूट विश्वास का प्रमाण बताया।

कार्यक्रम में भाजपा जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संदीप जांघेल, बढ़ाई समाज अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री रमेश शर्मा, तात्यापारा वार्ड पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, भाजयुमो जिला महामंत्री अर्पित सूर्यवंशी, जिला उपाध्यक्ष अश्वनी विश्वकर्मा, गुरमीत सिंह, शंकर शर्मा, सूरज शर्मा, दिनेश शर्मा, प्रनीत जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *