रायपुर(Raipur)22 अक्टूबर 2025: चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ 25 अक्टूबर को नहाय खाय के साथ होगा। छठ महापर्व आयोजन समिति, महादेव घाट रायपुर द्वारा आयोजित बैठक में समिति के सदस्यों व सेवादारों ने पर्व की रूपरेखा तय की। महापर्व के लिए महादेव घाट एवं आसपास के कुंडों की साफ-सफाई और सजावट की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। समिति अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस बार छठ पर्व का आयोजन पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। रायपुर में छठ पूजा का मुख्य आयोजन महादेव घाट, खारून नदी के तट, व्यास तालाब और अन्य तालाबों के किनारे धूमधाम से संपन्न होगा।
उन्होंने बताया कि यह चार दिवसीय पर्व 25 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 28 अक्टूबर तक चलेगा। पहले दिन नहाय खाय, दूसरे दिन खरना (26 अक्टूबर), तीसरे दिन संध्या अर्घ्य (27 अक्टूबर) और चौथे दिन प्रातः अर्घ्य (28 अक्टूबर) के साथ यह पर्व संपन्न होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य आरती
27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर महादेव घाट पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय गायिका मशहूर लोककलाकार तिलक राज सिंह और कलाकार राजेश सिंह प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज की टीम द्वारा छठ पर्व की झांकी और नाटिका का मंचन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा।नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से खारून नदी के तट, व्यास तालाब और अन्य घाटों की सफाई एवं सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ पर्व – स्वच्छता का प्रतीक
छठ महापर्व स्वच्छता का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता है। भारत सरकार के स्वच्छता अभियान से बहुत पहले ही इस पर्व ने स्वच्छता का संदेश समाज को दिया है। श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने से पहले स्वयं स्नान कर शुद्ध होकर पूजन करते हैं और घाटों की सफाई भी सामूहिक रूप से करते हैं।
यह पर्व मुख्यतः सूर्य उपासना का महापर्व है, जिसमें अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। उत्तर भारत, विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में यह पर्व अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में भी अब यह पर्व जन-जन का महापर्व बन चुका है।
इस अवसर पर उप प्रमुख केशव सिंह, संतोष सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव बृजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष सुनीत सिंह, मुन्तज़ार पांडे, शशि सिंह, परमानंद सिंह, रामकुमार सिंह, जयप्रकाश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
