रायपुर(Raipur) जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी स्वर्गीय दिनेश मिरानिया के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री आज उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए और पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मिरानिया के पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिवंगत मिरानिया की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए किसी सड़क या चौक का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए इसे देश की आत्मा पर चोट बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला न केवल जम्मू-कश्मीर, बल्कि पूरे देश के लिए गहरी पीड़ा का कारण है। उन्होंने आतंकवादियों की इस कायरतापूर्ण हरकत को कश्मीर में शांति और पर्यटन को अस्थिर करने की साजिश बताया। साय ने कहा कि पूरा देश एकजुट होकर इस अमानवीय कृत्य का मुंहतोड़ जवाब देगा और पाकिस्तान को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक किरण देव, विधायक राजेश मूणत और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।