भाजपा के मोदी सरकार से 15 सवालों के साथ पोस्टर जारी कर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, वोटर का असली टूलकिट यही है
जिस सोशल मीडिया में मोदी ने अपनी छवि गढ़ी, आज उसी मीडिया पर उस बनावटी छवि को ध्वस्त होता देश देख रहा है – विकास उपाध्याय
रायपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय ने आज रायपुर के अपने निवास में एक प्रेस काॅन्फ्रेंस कर देश के वोटरों के नाम भाजपा के मोदी सरकार के केन्द्र में 07 साल पूरे करने पर ‘‘देश का वोटर मोदी सरकार से हिसाब मांगे… जवाब दो’’ के नाम पर पोस्टर जारी कर कहा, देश का असली टूलकिट यही है। भाजपा के नेताओं में दम है तो इन सवालों का जवाब दे। विकास उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, इन 07 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी टीम ने एक सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया के जरिये अपनी खुद की एक छवि गढ़ी और आज उसी सोशल मीडिया पर उस बनावटी छवि को ध्वस्त होता देश देख रहा है।
विकास उपाध्याय आज एक प्रेस काॅन्फ्रेंस कर केन्द्र में भाजपा की मोदी सरकार पर बीते 07 साल के कार्य प्रणाली पर कई सवाल किए। इसके लिए बकायदा उन्होंने एक पोस्टर जारी कर कहा, देश के जिन मतदाताओं ने अपना वोट देकर भाजपा को सत्ता तक पहुँचाकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, वही वोटर आज सवाल पूछने मजबूर हैं कि मोदी सरकार हिसाब दो हमारे सवालों का जवाब दो। विकास उपाध्याय ने बताया, पोस्टर में मुख्य रूप से पन्द्रह सवालों का जिक्र कर मोदी सरकार से सवाल किया गया है। जिसके 10 लाख पोस्टर छपवाए जा रहे हैं। इसे पूरे छत्तीसगढ़ के शहर से लेकर गांव-गांव तक दीवारों में चिपका कर हर एक वोटर को इस बात का एहसास दिलाया जाएगा कि मोदी सरकार ने इसका क्या किया।

