छुरिया वन विभाग में 24 घंटे का ‘खेल’, पंचायत प्रस्ताव पर छोड़ा लकड़ी से लदा ट्रक?

​वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल, पकड़े जाते वक्त नहीं थे वैध कागजात?
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया वन परिक्षेत्र में लकड़ी परिवहन पर कार्रवाई के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। कल से छुरिया फॉरेस्ट बैरियर में खड़े लकड़ी से लदे एक ट्रक को वन विभाग ने 24 घंटे बाद आज शाम बिना किसी ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया। मामले में रेंजर का कहना है कि लकड़ी मालिक द्वारा वैध दस्तावेज के रूप में पंचायत का प्रस्ताव पेश किया गया, जिसके बाद गाड़ी को मुक्त किया गया है। हालांकि, विभाग की इस सफाई ने मामले को शांत करने के बजाय वन अमले को ही सीधे सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है।
​सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कल इस ट्रक को पकड़ा गया था, तो उस वक्त चालक या मालिक के पास वैध दस्तावेज क्यों नहीं थे? वन नियमों के मुताबिक, किसी भी प्रकार की लकड़ी का परिवहन करते समय वैध दस्तावेज या सक्षम स्वीकृति गाड़ी के साथ होना अनिवार्य है। यदि लकड़ी पूरी तरह वैध थी, तो फिर ट्रक को 24 घंटे तक डिपो और बैरियर में क्यों रोके रखा गया?
​क्षेत्र में अब इस बात की जोरदार चर्चा है कि 24 घंटे का यह लंबा समय जानबूझकर लकड़ी मालिक को बचाने के लिए दिया गया। सवाल यह भी उठ रहा है कि पकड़े जाने के वक्त जो कागजात मौजूद नहीं थे, वे 24 घंटे बाद अचानक कहां से प्रकट हो गए? क्या इस दौरान मिलीभगत से बैकडेट में पंचायत का प्रस्ताव तैयार करवाया गया? बिना दस्तावेज पकड़े गए वाहन पर पीओआर काटने और जब्ती की कार्रवाई करने के बजाय, दूसरे दिन लाए गए कागजों के आधार पर ट्रक को छोड़ देना पूरे मामले में बड़ी सेटिंग की ओर इशारा कर रहा है। अब देखना यह है कि वन विभाग के उच्चाधिकारी इस संदिग्ध कार्रवाई की जांच कराते हैं या इसे यूं ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है?

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *