मंच पर विकास की गंगा, जमीन पर सन्नाटा; मुख्यमंत्री की घोषणाएं अधर में, खुज्जी के भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल?
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता चुम्मन साहू ने प्रेस को जारी अपने बयान में गोड़लवाही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकास घोषणाओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करीब 11 महीने बीतने जा रहे हैं, लेकिन घोषणाओं का धरातल पर कोई अता-पता नहीं है। भाजपा सरकार प्रचार में विकास दिखा रही है, जबकि क्षेत्र की जनता आज भी इंतजार में है।
चुम्मन साहू ने कहा कि 26 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री ने गुंदरदेही–गोड़लवाही तथा उमरवाही–करमरी सड़क चौड़ीकरण, नवीन महाविद्यालय, स्कूल बाउंड्रीवाल और अटल समरसता भवन निर्माण की घोषणा की थी। लेकिन 11 महीने बाद भी काम शुरू नहीं होना सरकार की घोषणाबाजी और खोखले दावों की पोल खोल रहा है?
उन्होंने सवाल किया कि क्या? मुख्यमंत्री की घोषणाएं सिर्फ तालियां बटोरने और प्रचार करने के लिए थीं? सड़क चौड़ीकरण कहां अटका है, महाविद्यालय की स्थापना कब होगी और निर्माण कार्य कब शुरू होगा—सरकार जवाब दे। आदिवासी अंचल की जनता को भाषण नहीं, सड़क, शिक्षा और विकास चाहिए।
चुम्मन साहू ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में घोषणा करने वाले बहुत हैं, लेकिन काम कराने वाला कोई नजर नहीं आता। मंच पर विकास की गंगा बहाई जाती है, मगर जमीन पर सन्नाटा पसरा है। 11 महीने से जनता इंतजार कर रही है और सरकार अब तक पुरानी घोषणाओं का हिसाब देने की स्थिति में नहीं है?
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, एम.डी. ठाकुर एवं चंद्रिका प्रसाद डडसेना सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। इसके बावजूद खुज्जी क्षेत्र के भाजपा नेता इन घोषणाओं को पूरा कराने के लिए आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं? जनता के जरूरी मुद्दों पर उनकी चुप्पी आखिर किस बात का संकेत है?
चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार अब जुमले उछालना बंद करे और जनता को काम का हिसाब दे। 11 महीने पुरानी घोषणाओं का जवाब दे, क्योंकि जनता अब प्रचार नहीं, परिणाम चाहती है?
