प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला को मिली नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस की सौगात,

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर क्षेत्रवासियों को किया समर्पित
जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छूरिया ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जयसवाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला को नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस की सौगात दी है। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पांडेय व महापौर श्री मधुसूदन यादव के अनुसंसा में जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी की मांग पर तुरंत मांग पूरी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने यह सौगात दी है।जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया। साथ ही इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा व जिला पंचायत राजनांदगांव सभापति श्रीमती बिरम मंडावी, पूर्व जिला पंचायत सभापति श्रीमती ललिता चंद्रवंशी, भाजपा मंडल पूर्व अध्यक्ष श्री आत्माराम चंद्रवंशी, पूर्व जनपद सदस्य राम बाई चंन्द्रवंशी , ग्राम पंचायत संरपंच बूचाटोला अलेंद्र चंद्रवंशी,प्रिंस भाटिया,सीमा चंद्रवंशी,आबीद मेमन व जीवनदीप समिति के सदस्यगण व स्वास्थ्य विभाग के डाक्टर व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस के संचालन से बूचाटोला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में काफी सुविधा मिलेगी। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह एम्बुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता केवल शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एम्बुलेंस सेवा का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
साथ ही कार्यक्रम को जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी ने संबोधित करते हुए कहा कि अपने मांग के 24 घंटे के अंदर स्वास्थ्य केंद्र को बड़ी सौगात मिली है।जिसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त की। नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस की सौगात मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा जरूरत के समय मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *