रायपुर(Raipur) छत्तीसगढ़ के विभिन्न टैक्सी चालक एवं मालिक संगठनों द्वारा परिवहन विभाग की ओर से टैक्सी वाहनों के परमिट शुल्क में की गई वृद्धि को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया गया है।सभी संगठनों की सरकार से प्रमुख मांग है कि परमिट के बढ़ाए गए नए रेट पर पुनः विचार किया जाए तथा जब तक इस संबंध में अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक पुराने निर्धारित दरों पर ही टैक्सी वाहनों के परमिट जारी किए जाएं।संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि 4 नवंबर 2026 तक सरकार द्वारा हमारी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता है, तो मजबूरन दिनांक 5 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के समस्त टैक्सी संगठन अपनी टैक्सियों को रायपुर एयरपोर्ट के बाहर खड़ा कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
संगठनों का कहना है कि परमिट शुल्क में हुई वृद्धि से टैक्सी व्यवसाय से जुड़े हजारों वाहन चालक एवं मालिक आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए। संगठनों ने यह भी कहा कि यदि इस विरोध प्रदर्शन के कारण किसी यात्री की फ्लाइट छूटती है अथवा किसी की फ्लाइट कैंसिल होती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी, क्योंकि संगठनों द्वारा समय रहते अपनी मांगों एवं प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की सूचना संबंधित विभागों को दी जा रही है।
बैठक में उपस्थित संगठन पदाधिकारी
- रोशन राव – प्रदेश संगठन मंत्री, छत्तीसगढ़ वाहत चालक मालक सामाजिक संघ (जिन्होंने उक्त जानकारी दी)।
- शत्रुहन प्रसाद देवांगन प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ वाहन चालक मालक सामाजिक संघ।
- शिव शंकर राजपूत अध्यक्ष, स्वाभिमान युवा टैक्सी चालक मालक कल्याण संघ।
- डोमन साहू – अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कैब ड्राइवर एकता कल्याण संघाश्री
- पूनम छात्रे – अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ।
