माँ रामचंडी की पावन धरा गढ़फुलझर में रामचंडी दिवस-2026 में शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा

रायपुर। महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर में आयोजित पावन ‘रामचंडी दिवस-2026’ एवं बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन समारोह में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा संबलपुर सांसद श्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कोलता समाज की आराध्य देवी माँ रामचंडी के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए समाज की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का साक्षात्कार किया।

माँ रामचंडी की पावन उपासना से ओतप्रोत यह आयोजन आस्था, परंपरा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अनुपम संगम बना। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों की दी सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम गढ़फुलझर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब धरातल पर साकार हो रहे हैं। क्षेत्र में 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण तथा लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से करीब पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, महतारी वंदन योजना, किसानों के कल्याण तथा श्रमिकों और युवाओं के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

उन्होंने सुशासन और पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के लिए तकनीक के उपयोग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा सेवा सेतु पोर्टल जैसी पहलों का उल्लेख किया। साथ ही पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास और सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से रोजगार, कृषि एवं आर्थिक समृद्धि के नए अवसर सृजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कोलता समाज की गौरवशाली परंपराओं को किया नमन

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री

धर्मेंद्र प्रधान ने माँ रामचंडी मंदिर की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए गढ़फुलझर को आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कोलता समाज को मेहनतकश, कृषि से जुड़ा तथा राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला समाज बताया।

महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने गढ़फुलझर के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भी कोलता समाज के शिक्षा, कृषि, सेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान को रेखांकित करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने पर बल दिया।

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने जताया आभार, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का दिया संदेश

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने इस पावन आयोजन में सहभागिता को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए माँ रामचंडी के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था, गौरवशाली परंपराओं और सामाजिक एकजुटता से है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का आधार शिक्षा, संस्कार, परस्पर सहयोग और एकता है। जब समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ता है, तब सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।

माँ रामचंडी की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो—इसी मंगलकामना के साथ समारोह श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के बीच संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, कैबिनेट मंत्री श्री दयालदास बघेल, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, कोलता समाज के अध्यक्ष भुवनेश्वर सदावर्ती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *