खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना हमारी प्राथमिकता : किरण वैष्णव
(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के वांनचल क्षेत्र ग्राम मोरकुटुम्ब में खेल युवा मंडल द्वारा आयोजित आयोजित एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव शामिल हुईं। कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।समापन समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरिया सदस्य श्री उभेयराम मंडावी एवं जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री श्री रविन्द्र वैष्णव, जिला भाजपा सदस्य श्री मायाराम साहू, श्री हरदेव कतलाम अध्यक्ष धुव्र गोंड समाज खोमा, श्री सुरेश सोरी पूर्व संरपंच, श्री जयसिंग सोरी ग्राम पटेल, श्रीमती बिसाखा बाई साहू ग्राम पंचायत संरपंच, श्री महेन्द्र कोर्राम, श्री ज्ञानसिंह शोरी, श्री नेतराम साहू समेत जनप्रतिनिधि व सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ उतरना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि गांवों में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए इस तरह के आयोजनों की निरंतरता जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का मंच उपलब्ध कराते हैं। साथ ही कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथियों ने भी संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमें जीतने के साथ साथ हार को स्वीकार करना और लगातार आगे बढ़ना सिखाता है।कबड्डी साहस, अनुशासन और टीम भावना का खेल है।सभी खिलाड़ियों ने जिस उत्साह के साथ भाग लिया, वह सराहनीय है।”कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।समापन अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा खिलाड़ी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
